योगी आदित्यनाथ बोले- सनातन धर्म की परंपरा को ऊंचा रखने को भाजपा जरूरी
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पांचवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजा में भाजपा, अपना दल एस व निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी नीलम करवरिया के समर्थन में चुनावी सभा की। संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज की धरती को नमन कर किया। उन्होंने पहले गुरुकुल के संचालक महर्षि भरद्वाज को भी याद किया। बोले, सनातन को नई ऊंचाई महर्षिभरद्वाज ने दी। मुख्यमंत्री ने महर्षि बाल्मीकि व निषादराज को भी शीष झुकाया। कहा महर्षि वाल्मीकि ने अपनी रचना से श्रीराम को घर-घर पहुंचाया। निषादराज का महत्व भी बताया। बोले, श्रीराम और निषादराज की मित्रता समरसता का संदेश देती है। इसी भाव के साथ भाजपा की सरकार श्रृंगवेरपुर का विकास कर रही है। यह भी कहा कि यदि सनातन धर्म की पताका को ऊंचा रखना है तो भाजपा को फिर से सत्ता में लाना होगा।
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पूछा राशन, दाल रिफाइन तेल और नमक भी मिला न? और कोई दिक्कत तो नहीं हुई। विपक्षी बताएं की पहले यह राशन का पैसा कहां चला जाता था। बिजली का पैसा कहा जाता था। भाजपा की सरकार ने संसाधनों को जुटाने और सबको बांटने में ध्यान दिया। सरकार बनी तो होली और दीपावली पर दो सिलेंडर मिलेगा। बेटी को जन्म देने से स्नातक की पढ़ाई तक पहले 15 हजार मिलता था अब 25 हजार रुपये मिलेगा। प्रयागराज में लाखों बच्चे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं। इस बार प्रदेश के हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी का वादा भी किया।
करछना विधानसभा क्षेत्र में पीयूषरंजन निषाद के समर्थन में मुख्यमंत्री ने सभा की और विपक्ष को घेरा। कहा 2017 के पहले दवा व वैक्सीन क्यों मुफ्त में नहीं मिलती थी। आप सब सोचें। आने वाले पांच साल में ऐसी व्यवस्था करनी है कि किसानों को बिजली फ्री मिले। युवाओं के लिए टैबलेट दिया जा रहा है। इसकी शिकायत सपा ने निर्वाचन आयोग से की लेकिन हमने जवाब दिया कि क्या सैफई खानदान को ही सब कुछ दिया जाना चाहिए। सपा परेशान है कि जो काम हो रहे हैं वह कहां से पैसा आ रहा है। सपा ने विकास के नाम पर सिर्फ कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनवाई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने जनपद में हो रहे धार्मिक स्थालों के विकास को भी गिनाया। भाजपा प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद को निषादराज की मैत्री का प्रतीक बताया। यह भी कहा कि इसी वजह से मुझे तमाम कार्यक्रम निरस्त कर करछना में सभा के लिए आना पड़ा है। अब आप सब समर्थन दें और अधिक से अधिक निडर होकर मतदान करें।

No comments