Kumbh Mela : प्रयागराज नही आये पाकिस्तान और चीन के राजनयिक
कुंभ मेला प्रयागराज की आभा देखने 71 देशों के राजनयिक प्रयागराज पहुंचे। इसमें पड़ोसी देश पाकिस्तान और चीन के राजनयिक नहीं हैं। इसके पहले विदेश मंत्रालय के अफसरों की टीम कल शाम यहां पहुंच गई थी। इसके बाद रिहर्सल संग तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
राजनयिक विशेष वायुयान से आज बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सभी को संगम लाया गया।
पूजन-दर्शन के साथ ही फोटो सेशन हो गया। यहां कुंभ की गौरवगाथा समेटे प्रदर्शनी का अवलोकन कर वह अक्षयवट के साथ हनुमान मंदिर गए। इसके बाद क्रूज से अरैल पहुंचेंगे, जहां वह अपने-अपने देशों के झंडे फहराएंगे।
डेलीगेट्स में लगभग सभी पड़ोसी देश प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसमें अफगानिस्तान के मौलाना खैरुल्लाह आजाद, बांग्लादेश के सैय्यद मौज्जम अली, भूटान के मेजर जनरल वेत्सप नामग्याल, नेपाल के भरत कुमार रेग्मी, श्रीलंका के आस्टिन फर्नांडो शामिल हैं। अमेरिका के राजदूत केनेथ आइ जस्टर भी आ रहे हैं। कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच में राजनयिकों को कुंभ मेला क्षेत्र में लाया गया।इस दौरान सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे। रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग करके वाहनों को रोका गया था। रास्तों के किनारे खड़े स्कूली बच्चों ने तिरंगा लहराया और स्वागत पट्टियों के माध्यम से राजनयिकों का भव्य तरीके से स्वागत किया। इस दौरान मार्ग रोकने की वजह से जाम लग गया। राजनयिकों के जाने के बाद वाहनों को जाने दिया गया। इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चों को भी दिक्कत हुई।





No comments