Breaking News

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कुल 21 छात्रनेताओं को किया गिरफ्तार

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कुल 21 छात्रनेताओं को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 22 नामजद समेत कुल 222 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कर्नलगंज पुलिस ने खुद यह मुकदमा दर्ज कराया है। 

allahabad university

पुलिस ने बताया कि रोक के बावजूद छात्रनेताओं ने विवि परिसर में मार्च निकाला। यही नहीं, जबरन छात्रसंघ भवन के पास धरने पर बैठकर हंगामा किया जहां नामांकन फार्म वितरित किए जा रहे थे। रोकने पर पुलिस से धक्कामुक्की करते हुए पथराव किया। साथ ही दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़ की, जिनमें तीन सरकारी वाहन भी शामिल थे। इनमें से एक सीओ कर्नलगंज व दूसरा फायरब्रिगेड की गाड़ी थी।

राहगीरों से भी मारपीट व अभद्रता की। इस मामले में कुल 22 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसमें बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं। प्रकरण में कुल 21 लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया था, जिन्हें रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें निवर्तमान छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, महामंत्री शिवम सिंह समेत अन्य छात्रनेता शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नामजद छह आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर बने वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रव में शामिल अज्ञात आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। 

गिरफ्तार आरोपियों में यह भी शामिल
अजय सिंह, अवनीश यादव, अतेंद्र सिंह, सौरभ सिंह बंटी, दीपक यादव, शिवबली यादव, अखिलेश सिंह यादव, अनुभव सिंह, सुनील कुमार कुशवाहा, जितेंद्र धनराज, हरिकेश कुमार, आदिल हमजा, हिमांशु त्रिपाठी, सत्यम कुशवाहा। 

कार में तोड़फोड़ में चार प्रोफेसरों ने दी तहरीर
उपद्रव के दौरान जिन वाहनों में तोड़फोड़ की गई, उनमें चार प्रोफेसरों की कारें शामिल थीं। इन सभी ने कर्नलगंज पुलिस को अज्ञात में तहरीर दी है। इनमें प्रो. अजय जेतली, प्रो. संतोष भदौरिया, प्रो. खिरोद चंद्र व प्रो. भूमिका आरव शामिल हैं। इसके अलावा विवि में कार्यालय सहायक अमिताभ केसरी के वाहन को भी तोड़फोड़ करते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके अलावा फायरब्रिगेड की भी एक गाड़ी में तोड़फोड़ की गई जिसके चालक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कर्नलगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। 

No comments