विश्वविद्यालयों में मार्च से चलेंगी ऑफलाइन कक्षाएं, स्कूलों के बाद कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की बारी
प्रयागराज। कोविड-19 के नियंत्रित होते हालात को देखते हुए अब उच्च शिक्षण संस्थानों को भी खोलने की तैयारी है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों 10 मार्च से खोलने की योजना बनाई गई है। हालांकि शोध कार्यों और परीक्षाओं के लिए इन्हें फरवरी में ही खोला जा सकता है। शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू कर दिया है। राज्यों से इसे लेकर सुझाव मांगे गए है।
कोरोना संक्रमण के चलते विश्वविद्यालय और कॉलेजों में मार्च 2020 से नियमित ऑनलाइन कक्षाएं नहीं संचालित हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर सभी राज्यों के स्कूलों में 10वीं और 12वीं की नियमित यानी ऑफलाइन कक्षाएं संचालित हो रही हैं। कुछ इसी तर्ज पर शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों की सहमति से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को भी खोलने की योजना बनाई है। शुरुआत में यूजी (स्नातक) और पीजी (स्नातकोत्तर) के अंतिम वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं ही चलेंगी। हालांकि, शोध कार्यो और परीक्षाओं के लिए फरवरी में भी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को खोला जा सकता है। यूजीसी जल्द ही इसको लेकर दिशानिर्देश जारी कर सकता है।
वहीं छात्रों की तरफ से भी अब उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलने की मांग होने लगी है। हाल ही में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), दिल्ली विश्वविद्यालय सहित कई केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के छात्रों ने संस्थानों को जल्द खोलने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि जब स्कूल खोल दिए गए हैं, तो फिर उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलने में दिक्कत क्या है।


No comments