माध्यमिक स्कूलों में भर्ती को टीईटी जरूरी, शिक्षकों को पास करनी होगी अध्यापक पात्रता परीक्षा
नई व्यवस्था के लिए एलटी ग्रेड की शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा। अभी तक सरकारी स्कूलों में भर्ती उप्र लोक सेवा आयोग और सहायता प्राप्त स्कूलों में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग लिखित परीक्षा से करता है। लेकिन इस संशोधन के बाद शिक्षकों को पहले टीईटी भी पास करना होगा। शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा, शैक्षिक गुणांक के अलावा साक्षात्कार व पढ़ाने के प्रदर्शन को भी जोड़ा जाएगा।
अभी तक लोक सेवा आयोग से लिखित परीक्षा के आधार पर भर्ती की जा रही है। कक्षा एक से पांच तक और कक्षा 6 से 8 तक के लिए अलग-अलग अध्यापक पात्रता परीक्षा होती है। यह तीसरे स्तर की परीक्षा होगी जो हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों के लिए मान्य होगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद और परीक्षा नियामक प्राधिकारी के बीच में समन्वय स्थापित किया जाएगा।
फर्जीवाड़े पर अंकुश, सुधरेगा पढ़ाई का स्तर
प्रयागराज। टीईटी से योग्य शिक्षक मिलेंगे। इससे पढ़ाई और शिक्षकों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। शिक्षक भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरियां पाने के कई मामले सामने आ चुके हैं, क्योंकि भर्तियां शैक्षिक गुणांक के आधार पर हो रही हैं। टीईटी से इस फर्जीवाड़े पर भी अंकुश लगेगा। राज्य में प्राइमरी व माध्यमिक शिक्षा की शिक्षक भर्तियों में लिखित परीक्षा पहले ही अनिवार्य की जा चुकी है।


No comments