NCR : झांसी मंडल के दो खंडों में ट्रेनों की स्पीड 90 से बढ़कर 110 किमी प्रति घंटा, स्क्रैप बिक्री राजस्व में गत वर्ष संग रेलवे बोर्ड के लक्ष्य के सापेक्ष में सुधार
माल गाडिय़ों की औसत गति में 85 फीसदी बढ़ोत्तरी,महाप्रबंधक ने की संरक्षा, समय पालनता, लदान, राजस्व अर्जन की समीक्षा,झांसी मंडल के दो खंडों में ट्रेनों की स्पीड 90 से बढ़कर 110 किमी प्रति घंटा,स्क्रैप बिक्री राजस्व में गत वर्ष संग रेलवे बोर्ड के लक्ष्य के सापेक्ष में सुधार
प्रयागराज। निर्बाध ट्रेन संचालन के लिए किसी असामान्य स्थिति की रिपोर्टिंग करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन व सम्मान देना चाहिए। इससे गाडिय़ों के संरक्षायुक्त परिचालन और समय पालन में समग्र सुधार में सहायता मिलेगी। यह बातें उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने कहीं। वे उमरे के संरक्षा, परिसंपत्ति विश्वसनीयता, समय पालनता, लदान, राजस्व अर्जन और मानव संसाधन विकास की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि गतिशीलता फ्रंट पर उमरे ने वर्ष 2019-20 में 24.06 किमी प्रति घंटे की औसत गति से 85 फीसदी की वृद्धि दर्ज करते हुए चालू वित्त वर्ष में माल गाडिय़ों की औसत गति 44.42 किमी प्रति घंटे बनाए रखी है। साथ ही झांसी मंडल में परिछा-नंदखास और सरसोकी-उसरगांव के कुल 37 किलोमीटर खंडो की सेक्शनल गति को मौजूदा 90 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटे कर दिया गया है।
कैलेंडर वर्ष 2021 में उमरे ने 885 चयन और विभागीय पदोन्नति परीक्षा की योजना बनाई है और इस कैलेंडर वर्ष में अब तक 698 कर्मचारियों को पदोन्नत किया जा चुका है। महाप्रबंधक वीके त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सेवारत कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी विषय पर विशेष ध्यान दें और अनुकंपा के आधार पर सभी नियुक्ति मामलों को समय पर अंतिम रूप दें। उमरे में जनवरी तक विविध स्रोतों से 125.95 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जन हुआ है। स्क्रैप बिक्री से उमरे ने 204 करोड़ रुपये राजस्व अर्जन है, जो पिछले साल की तुलना में 7 फीसदी अधिक है।
ट्रेनों के संरक्षायुक्त परिचालन के लिए स्टेशनों पर और रेलमार्ग पर तैनात कर्मचारियों द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा की गई। मुख्यालय में हुई इस बैठक में अपर महाप्रबंधक उमरे रंजन यादव और प्रमुख विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। साथ ही प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल के डीआरएम व अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।


No comments