Railway: कोसमा स्टेशन पर नवीन इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली, रेलवे बोर्ड सदस्य ने निर्माण कार्यों व तैयारियों को परखा
प्रयागराज। रेलवे बोर्ड सदस्य (इंफ्रा) एवं पदेन सचिव प्रदीप कुमार ने प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे से जुड़े निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गहनता से सूबेदारगंज फ्लाइओवर की तैयारियों को परखा। इस दौरान उन्हें प्रयागराज-बम्हरौली चौथी लाइन (सूबेदारगंज फ्लाइओवर समेत) से जुड़ी भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया गया।
संयुक्त क्रू एवं गार्ड लॉबी के निरीक्षण के दौरान प्रदीप कुमार ने विभिन्न उपकरणों का प्रयोग करने व प्रयोग से पूर्व की जांच प्रक्रिया की सराहना की। साथ ही क्रू लॉबी में सभी संरक्षा, प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। इस दौरान संपर्क रहित ब्रेथेलाइजर मशीन से संबंधित जानकारी भी उन्हें दी गई। उन्होंने क्रू लॉबी की उन्नत कार्यप्रणाली और रखरखाव के लिए एक सामूहिक पुरस्कार की भी घोषणा की।
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय एवं मण्डल के अधिकारियों ने प्रदीप कुमार को प्रयागराज- बम्हरौली चौथी लाइन (सूबेदारगंज में फ्लाईओवर के साथ) एवं प्रयागराज स्टेशन के विकास संबंधी कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने माघ मेला के दौरान भीड़ की निगरानी एवं नियंत्रण करने हेतु बनाए गए कंट्रोल टावर का भी निरीक्षण किया।
सदस्य इंफ्रा ने शिकोहाबाद-मैनपुरी खंड के कोसमा स्टेशन पर नवीन इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली का उद्घाटन किया। साथ ही डीआरएम कार्यालय भवन में नवस्थापित इंटीग्रेटेड डॉटा लॉगर नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया। यहां नियंत्रण कक्ष और स्टेशनों के बीच कुशल संचार प्रणाली प्रदान करने में प्रयोग होने वाली वॉयस ओवर आईपी (वीओआईपी) की अत्याधुनिक अंडर ट्रायल प्रौद्योगिकी प्रणाली स्थापित की गई है।

No comments