Breaking News

जिला स्तरीय जूनियर बालक वॉलीबाल प्रतियोगिता संपन्न


मेजारोड़ प्रयागराज : तहसील मेजा के गांव सभा समहन के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय टिकुरी के खेल मैदान में "जिला स्तरीय जूनियर (अंडर-18) बालक वालीबाल प्रतियोगिता" संपन्न हुई। जिसमें जिले की कुल 8 टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। नाक आउट सिस्टम से खेली गई उक्त प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सरदार पटेल क्लब बरहाकलां और बीएनटी कॉलेज मेजारोड के बीच खेला गया तथा प्रतियोगिता के अंतिम क्षण में सरदार पटेल क्लब ने बीएनटी कॉलेज को संघर्षपूर्ण मुकाबले के साथ 18-21, 21-19 और 21-16 अंकों से हराकर जूनियर बालक वालीबॉल प्रतियोगिता जीत ली। विजेता टीम के मो. सैम व नीरज तथा उपविजेता टीम के खिलाड़ी चंचल प्रजापति व दीप मिश्रा का खेल विशेष रूप से सराहनीय रहा। इसके पूर्व खेले गए प्रथम सेमीफाइनल मैच के मुकाबले में बीएनटी कॉलेज ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स म्योहाल इलाहाबाद को 21-19 और 21-17 अंकों से हराया। इसी प्रकार दूसरे सेमीफाइनल मैच में सरदार पटेल क्लब ने समहन स्पोर्टिंग क्लब को 21-15 और 21-16 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन(डीवीए) प्रयागराज के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया। जबकि पूर्व प्रधान संतोष पटेल ने समारोह की अध्यक्षता की। प्रतियोगिता के प्रथम दिन खेल प्रारंभ होने से पूर्व राहुल मिश्रा,विधायक प्रतिनिधि ने फीता काटकर खेल प्रारंभ करने की घोषणा की थी। आयोजन समिति की ओर से जितेंद्र पटेल,आदर्श मिश्रा,मयंक द्विवेदी ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। अंत में आयोजन सचिव बागीश द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त अवसर पर मुख्य रूप से वाई.एन.सिंह, प्रभाकर चौबे, योगेंद्र पटेल, संतोष भास्कर, राहुल यादव, मुकेश शुक्ला, कार्तिकेय तिवारी, मंटू तिवारी, अशफाक अहमद हिमांशु विश्वकर्मा, आकाश पांडेय, पंकज द्विवेदी, रत्नाकर दुबे, हरीश मिश्रा, जयप्रकाश, महेश सिंह, राजेश शुक्ला, विंध्यवासिनी पटेल आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments