आपदा में 14 मरे, सहायता पांच को ही क्यों दी....कमिश्नर
रोहित पांडेय
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रतापगढ़ ब्यूरो। प्रयागराज के मंडलायुक्त संजय गोयल ने कहा कि जिले में अतिवृष्टि से 14 लोगों की मौत हुई तो सिर्फ पांच के ही परिजनों को आर्थिक सहायता क्यों दी गई। जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए मंडलायुक्त ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में विकास व जनहित की योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बाढ़ और अतिवृष्टि की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने पाया कि जिले में इसके कारण 14 लोगों की मौत हुई थी लेकिन पांच के ही परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा सकी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी से कहा कि वह इस बात की जांच कराएं कि अन्य के परिजनों को सहायता क्यों नहीं दी जा सकी। इस संबंध में जिस भी अधिकारी कर्मचारी ने लापरवाही की है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों को समय से राहत नहीं दी जा रही है तो संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिले में जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें दिसंबर माह तक पूरे कर लिए जाएं। मंडलायुक्त ने गो संरक्षण केंद्र, सामुदायिक शौचालय, जलनिगम, स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण की योजनाओं की भी समीक्षा की। हैंडपंप रीबोर के संबंध में कहा कि इसमें अधिकतर शिकायतें आ रही हैं कि बिना काम कराए ही रुपये निकालने की आ रही हैं। इसलिए उसकी टेक्निकल रिपोर्ट ली जाए। समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जिले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 500 लाभार्थियों का पंजीकरण हो गया है। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि लाभार्थियों की गहनता से जांच कराई जाए। कई जगह शादी के बाद भी लोगों के लाभ लेने के लिए फर्जी पंजीकरण कराने के मामले आ रहे हैं। ऐसे में इनकी गहनता से जांच कराई जाए। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल, सीडीओ प्रभास कुमार, सीआरओ इंद्रभूषण वर्मा, सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव, डीडीओ ओपी मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीपी सिंह, डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

No comments