प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी की 22 में सात सीटों पर इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा है दांव पर
इरफान खान
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पांचवें चरण के चुनाव में प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी की 22 सीटों के लिए रविवार को वोट डाले जाएंगे। चुनाव में कई मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। प्रयागराज में मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ ही करछना से सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री कुंवर उज्ज्वल रमण सिंह के लिए दोबारा मैदान मारने की चुनौती होगी। कौशांबी में न सिर्फ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बल्कि पार्टी की प्रतिष्ठा भी फंसी हुई है। प्रतापगढ़ में रघुराज प्रताप सिंह के साथ ही कांग्रेसी दिग्गज प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा मोना और मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती का चुनाव भी देखने लायक होगा।
वर्ष 2017 के चुनाव में तीनों जिलों में भाजपा का था परचम
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में तीनों ही जिलों में भाजपा ने परचम लहराया था। प्रयागराज की 12 में आठ सीटें भाजपा व एक सहयोगी अपना दल एस के खाते में गई थी। प्रतापगढ़ में कुंडा, रामपुर और बाबागंज को छोड़कर शेष चारों सीटों पर
भाजपा व सहयोगी दल जीते थे। कौशांबी की तीनों सीटों पर भगवा परचम लहराया था। इस बार कुछ खास सीटें हैं जिस पर सबकी नजर है।
जबकि कौशांबी की सिराथू सीट सबसे हाट मानी जा रही है। यहां से भाजपा से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मैदान में हैं जिनको चुनौती दे रही हैं अपना दल कमेरावादी व सपा गठबंधन की प्रत्याशी पल्लवी पटेल। केशव के सामने न सिर्फ कौशांबी की तीन सीटें बल्कि प्रयागराज परिक्षेत्र के साथ ही आसपास के अन्य जिलों की सीटों पर पार्टी को जीत दिलवाने की चुनौती है। वहीं
प्रयागराज में इलाहाबाद पश्चिमी से मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के सामने सपा ने एक बार फिर छात्रसंघ पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह पर दांव लगाया है। दक्षिणी में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के लिए भी दोबारा मैदान मारने की चुनौती है। इस बार सपा ने यहां से नए प्रत्याशी रईश चंद्र शुक्ला को उतारा है। वहीं करछना से उज्ज्वल रमण सिंह के सामने एक बार फिर पीयूष रंजन निषाद चुनौती पेश कर रहे हैं।
प्रतापगढ़ के कुंडा में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया लगातार निर्दलिय विधायक बनते आ रहे हैं। लेकिन इस बार वह खुद अपनी पार्टी यानी जनसत्ता दल से मैदान मे है। और आपको बता दे कि यह पहला चुनाव है जिसमें उनके सामने सभी पार्टियों ने प्रत्याशी उतारे हैं। रामपुर खास में कांग्रेसी दिग्गज प्रमोद तिवारी की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां से उनकी बेटी आराधना मिश्रा मोना दूसरी बार मैदान में हैं। पट्टी में प्रदेश सरकार के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती के लिए भी यह चुनाव खास है। यहां से उनके सामने एक बार फिर दस्यु ददुआ के भतीजे राम सिंह पटेल सपा प्रत्याशी हैं। अब देखना होगा जीत का सेहरा किसके सर सजेगा और कौन मनाएगा होली यह तो आने वाला 10 मार्च ही बताएगा।

No comments